सज्जनगढ़ वन्यजीव अभयारण्य में दिसंबर में रिकॉर्ड 71354 पर्यटकों ने भ्रमण किया। आंकड़ा वित्तीय वर्ष 2024-25 में अप्रैल से लेकर अब तक का सर्वाधिक है। इससे 1.49 करोड़ रुपए का राजस्व मिला। इस साल बायाे पार्क में सैलानियों और कमाई का आंकड़ा बढ़ना तय है, क्योंकि जनवरी में ही लॉयन सफारी शुरू करने की तैयारी है। यह आकर्षण का नया केंद्र होगी।
आंकड़ों के अनुसार दिसंबर तक बीते 9 माह में सबसे कम 20 हजार 199 पर्यटक मई में पहुंचे। वजह गर्मी थी, जब शहर का पारा 38-40 डिग्री तक पहुंच गया था। जून आखिर में मानसून की शुरुआत के साथ आंकड़ों में भी मानो हरियाली आ गई। सुविधाएं बढ़ी…चाइल्ड केयर रूम, आधुनिक टाॅयलेट, आरओ अगस्त के लॉन्ग वीकेंड और सितंबर आखिर में टूरिस्ट सीजन की शुरुआत के साथ बायो पार्क में पर्यटक बढ़ते ही रहे। पिछले साल 1 अप्रैल से 31 दिसंबर तक 3 लाख 76 हजार 669 पर्यटकों ने सज्जनगढ़ की सैर की। इससे 8.12 करोड़ की राशि जमा हुई है। वन विभाग भी इसे रिकॉर्ड मान रहा है। अधिकारियों को वित्त वर्ष आखिरी तीन महीने भी पर्यटकों का अच्छा रुझान रहने की उम्मीद है। दावा किया जा रहा है कि बीते साल बढ़ाई सुविधाएं जैसे- चाइल्ड केयर रूम, आधुनिक टाॅयलेट, आरओ वाटर फिल्टर पर्यटकों को राहत दे रही हैं। सीएम के हाथों सफारी के उद्घाटन की तैयारी
बायोलॉजिकल पार्क में इसी माह से लॉयन सफारी भी शुरू किए जाने के संकेत मिल रहे हैं। सीएम भजनलाल शर्मा इसका उद्घाटन कर सकते हैं। वन विभाग की तरफ से तैयारियां पूरी हैं। लाॅयन सफारी के लिए 20 हेक्टेयर जमीन पर एनक्लोजर बनाए गए हैं। गुजरात के जूनागढ़ से लाया गया एशियाई शेरों का जोड़ा यहां पर्यटकों को आकर्षित करेगा। इस जोड़े को साथ में रखा जाएगा। जिससे पार्क में लॉयन का कुनबा भी बढ़ेगा।


