हेरिटेज निगम में बनने वाली समितियां सरकार और संगठन के बीच में फंस गई हैं। इससे बीजेपी की मेयर बनने के 4 महीने बाद भी हेरिटेज निगम में समितियों का गठन नहीं हो पाया है। समितियों का गठन नहीं होने से कांग्रेस से बीजेपी में आए पार्षद अब ठगा-सा महसूस कर रहे हैं। बीजेपी की मेयर बनने के एक महीने बाद समितियों को लेकर संगठन ने बीजेपी सांसद, विधायक और जयपुर शहर बीजेपी के पदाधिकारियों से सुझाव और नाम मांग गए थे। सभी ने क्षेत्र के हिसाब से नाम संगठन को भेज दिए। संगठन की ओर से समितियों की सूची सरकार को भी भेज दी, लेकिन जारी नहीं हो पाई। इसकी वजह यह है कि संगठन की ओर से भेजे गए कुछ पार्षदों के नाम सरकार को पसंद नहीं आ रहे हैं। इससे 20 दिन से समितियों की सूची सरकार और संगठन के बीच में फंसी है। 24 का होगा गठन, कांग्रेस से आए 7 पार्षद बनने हैं चेयरमैन नियमों के तहत 24 समितियों का गठन होगा। 7 समितियों के चेयरमैन कांग्रेस से बीजेपी में आए पार्षदों का बनना लगभग तय है, क्योंकि 20 फरवरी के आसपास साधारण सभा होने वाली है। इसमें बजट पास किया जाना है। बजट तब ही पास होगा, जब मेयर के पास पूर्ण बहुमत होगा। हेरिटेज में कुछ 100 पार्षद हैं। इसमें से पूर्व मेयर मुनेश गुर्जर को निलंबित कर दिया। बीजेपी में आई सुशीला देवी का निधन हो गया है। अब 98 पार्षद रह गए। बहुमत को 50 पार्षद होना जरूरी है। बीजेपी से बन सकते हैं चेयरमैन अंशु शर्मा, पूनम शर्मा, पवन शर्मा, विमल अग्रवाल, शिव सोनी, माणक शर्मा, महेंद्र पहाड़िया, जितेंद्र लखवानी, धीरज शर्मा, बरखा सैनी, रजत विश्नोई, बबीता तंवर, सोनल जांगिड, सुरेश नावरिया, महेश कलवानी, रितु मोतियानी, गिर्राज नाहटा। 24 समितियों का गठन कर सूची सरकार को भेजी बीजेपी संगठन की ओर से 24 समितियों का गठन करके सूची सरकार को 20 दिन पहले भेज दी। सरकार सूची को मूर्तरूप नहीं दे पा रही है। सूत्रों ने बताया कि सरकार के स्तर पर कुछ पार्षदों को चेयरमैन बनाने को लेकर आपत्ति है। इसके लिए सरकार और संगठन के पदाधिकारियों के बीच में एक बैठक होना बाकी है। जिसके बाद इस माह समिति गठन की सूची जारी हो सकती है। कांग्रेस से आए ये चेयरमैन बनेंगे बीजेपी की मेयर बनाने में कांग्रेस के 8 पार्षदों का अहम रोल है। इसमें से सुशीला देवी का निधन हो चुका है। मनोज मुद्गल वार्ड 35, उत्तम शर्मा वार्ड 49, ज्योति चौहान वार्ड 46, अरविंद मेठी वार्ड 71, मोहम्मद जकरिया वार्ड 65, पारस जैन वार्ड 80, संतोष कंवर वार्ड 78 पार्षद हैं।


