भास्कर न्यूज | मनेंद्रगढ़ दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल में मकर संक्रांति, लोहड़ी व पोंगल का पर्व मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं, पतंग बनाओ प्रतियोगिता में अपनी कला का प्रदर्शन किया। शिक्षिका नीरू कुमारी सिंह ने कहा कि सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने पर यह पर्व मनाया जाता है। ज्योतिष मान्यताओं के अनुसार इस दिन को दान, धर्म और पुण्य के लिए बहुत शुभ माना जाता है। शिक्षिका अमनप्रीत कौर ने लोहड़ी से जुड़ी जानकारियां दी। उन्होंने बताया की लोहड़ी से जुड़ी अनेक मान्यताएं हैं, जिसमें माता सती के बलिदान को याद रखने की उपलक्ष्य में हम यह त्योहार मनाते हैं। मकर संक्रांति के समान ही लोहड़ी में भी हम भगवान सूर्य की उपासना करते हैं और उन्हें अच्छी फसल के लिए धन्यवाद देते हैं। विद्यालय की छात्राओं ने पंजाबी गीत पर प्रस्तुति दी। कक्षा 6वीं और 9वीं की छात्राओं ने नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रमों के बाद कक्षा तीसरी से 5वीं के छात्र-छात्राओं के मध्य पतंग बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी ने कहा कि इन त्योहारों से हमें प्रकृति का सम्मान करना, मेहनत की कदर करना और अपनी संस्कृति से जुड़े रहना सीखना चाहिए। विद्यालय की निदेशिका पूनम सिंह ने भी संस्था के छात्र-छात्राओं व अभिभावकों को लोहड़ी, पोंगल और मकर संक्रांति की शुभकामनाएं दी और कहा कि यह त्योहार हमें मेहनत समर्पण और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देता है।


