अंबाह कस्बे में गुरुवार शाम सांड की टक्कर से बुजुर्ग मातादीन शर्मा लगभग (60) की मौत हो गई। यह घटना वाटर बॉक्स क्षेत्र में हुई, जहां दो गोवंश आपस में लड़ रहे थे। घायल बुजुर्ग को मौके पर मौजूद लोग सिविल अस्पताल अंबाह लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बुजुर्ग घर से साइकिल पर सब्जी लेने बाजार जा रहे थे। वाटर बॉक्स के पास भीड़ होने के कारण वह साइकिल से उतरकर पैदल चल रहे थे। इसी दौरान, लड़ते हुए दो सांडों में से एक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह बेहोश होकर गिर पड़े। बुजुर्ग को टक्कर मारने की घटना सीसीटीवी में कैद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन एम्बुलेंस करीब आधे घंटे बाद पहुंची। जब तक घायल बुजुर्ग को अस्पताल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज शुक्रवार सुबह सामने आया है, जिसमें सांड बुजुर्ग को टक्कर मारते हुए साफ दिख रहा है। इस घटना पर पार्षद जय राजोरिया ने नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि शहर में न तो पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था है और न ही आवारा गोवंश को गौशाला भेजा जा रहा है। राजोरिया के अनुसार, आवारा पशुओं के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जो नगर पालिका की लापरवाही का परिणाम है।


