भास्कर खास राजस्थान एक्स-सर्विसमैन कॉर्पोरेशन (रेक्स्को) ने शुक्रवार को राज्य सरकार के विभिन्न विभागों में तैनाती के दौरान अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए सरकारी संपत्ति की रक्षा करने वाले 16 पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इंदिरा गांधी पंचायतीराज संस्थान के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में रेक्स्को प्रबंध निदेशक मेजर जनरल विजय सिंह ने कहा कि उन्हें खुशी है, आज राज्य सरकार को पूर्व सैनिकों के अनुभव पर गहरा विश्वास है। उन्होंने आह्वान किया कि हमें हर हाल में इस भरोसे को कायम रखना है। रेक्स्को के महाप्रबंधक (सुरक्षा) कर्नल हरीश खंगारोत ने सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कोताही न बरतने के निर्देश दिए। वहीं, महाप्रबंधक (प्रशासन व वित्त) कर्नल संजीव खंडेलवाल ने प्रत्येक पूर्व सैनिक को समय पर मानदेय दिलवाने की बात कही। एसबीआई बैंक के उपमहाप्रबंधक पुनेश प्रशांत ने साइबर फोर्ड रोकने व बैंक की सुविधाओं की जानकारी दी। इस दौरान बैंक प्रतिनिधि और रेक्स्को के प्रशासनिक अधिकारी सहित प्रदेश के सभी रेक्स्को समन्वयक व अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे। 31 जुलाई, 2025 की रात सिरोही जिले के जीएसएस पर ड्यूटी के दौरान पूर्व सैनिक कल्याण सिंह व ईश्वर सिंह ने चोरी की नीयत से घुसे अपराधियों को न केवल ललकारा बल्कि साहस दिखाते हुए उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। 18 अक्टूबर, 2025 की रात बीकानेर जीएसएस में 6 चोरों ने घुसने का प्रयास किया, लेकिन पूर्व सैनिक धर्मपाल कटारिया की सजगता और बहादुरी के कारण चोरों को उल्टे पांव भागने पर मजबूर होना पड़ा। 16 दिसंबर, 2025 रात्रि को पूर्व सैनिक नवल किशोर की ड्यूटी के दौरान चाकसू जीएसएस में 8 लोग चोरी के इरादे से परिसर में घुस आए। इनके शोर मचाने से चोर भाग छूटे।


