रायसेन में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। मंगलवार को जहां शीतलहर के साथ घने कोहरे ने शहर को अपनी चादर में लपेट रखा था, वहीं बुधवार की सुबह आसमान में बादलों की आमद हो गई। मौसम विभाग ने बुधवार के लिए शीतल दिन का येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, अगले दो दिन यानी 15 और 16 जनवरी को जिले में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इसके बाद 17 जनवरी से एक बार फिर कड़ाके की ठंड का दौर शुरू होने की संभावना है। तापमान के आंकड़ों की बात करें तो सोमवार-मंगलवार की रात का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। बादल छाने से अब दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है। बीती रात का न्यूनतम तापमान बढ़कर 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। बुधवार को अधिकतम तापमान में भी वृद्धि की संभावना है। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों में भी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में बारिश दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी दिनों में मौसम के इस बदलते मिजाज से लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है।


