सतना में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। मंगलवार रात 9 बजे से छाए घने कोहरे के कारण विजिबिलिटी 10 मीटर से भी कम हो गई, जिससे सड़क और रेल यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री पर पहुंचा मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 9.7 डिग्री पर पहुंच गया। अधिकतम तापमान 1 डिग्री घटकर 20.2 डिग्री रहा। सुबह हवा में नमी का स्तर 95 प्रतिशत और शाम को 65 प्रतिशत रिकॉर्ड किया गया। बुधवार की सुबह न्यूनतम तापमान 9 डिग्री दर्ज किया गया। 15 से 17 जनवरी तक मौसम में बदलाव की संभावना जम्मू-कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ और राजस्थान में ऊपरी चक्रवात के साथ, अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण 15 से 17 जनवरी तक मौसम में बदलाव की संभावना जताई गई है। इस दौरान बादलों की आवाजाही बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। कोहरे के कारण रेल सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुईं। आनंद विहार-रीवा एक्सप्रेस साढ़े 7 घंटे, हजरत निजामुद्दीन-जबलपुर महाकौशल 2 घंटे, गोरखपुर-एलटीटी साढ़े 3 घंटे और जयनगर-एलटीटी 5 घंटे की देरी से चल रही हैं। फॉग सेफ्टी डिवाइस के बावजूद विशेष रूप से स्पेशल ट्रेनें अधिक प्रभावित हो रही हैं।


