रामगढ़ के पालू जंगल मोड़ में हादसा:बाइक और स्कॉर्पियो की हुई सीधी भिड़ंत, पिता ने मौके पर तोड़ा दम, बेटा गंभीर

रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत पालू जंगल के समीप भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। इस हादसे में सीसीएल के खलारी परियोजना में कार्यरत महावीर नायक (45) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका 17 वर्षीय पुत्र प्रिंस कुमार नायक गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के अनुसार महावीर नायक अपने पुत्र के साथ मोटरसाइकिल (नंबर JH 01G B 1319) से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पालू जंगल के पास स्थित एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रही स्कॉर्पियो (नंबर JH 01EM 5356) से उनकी बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महावीर नायक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। मृतक महावीर नायक भदानी नगर ओपी क्षेत्र के लपंगा गांव के निवासी थे। पुलिस मौके पर पहुंची, घायल रिम्स रेफर दुर्घटना की सूचना मिलते ही पतरातू थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से 108 एंबुलेंस को बुलाया गया। गंभीर रूप से घायल प्रिंस कुमार नायक को पहले पतरातू ब्लॉक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया। इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो को जब्त कर थाना ले आई है। पुलिस के अनुसार पोस्टमॉर्टम के लिए शव को रामगढ़ सदर अस्पताल भेजा गया। मामले की जांच की जा रही है। खतरनाक मोड़ पर हादसे का बना रहता है खतरा स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पालू जंगल के पास स्थित यह मोड़ काफी तीखा और खतरनाक है। यहां आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा के कोई ठोस इंतजाम नहीं किए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि इस मोड़ पर स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाए जाते, तो शायद इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता था। इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सुरक्षा उपाय करने की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *