नगर कीर्तन में गुरु के दर्शन-दीदार, धन्य हुई संगत

भास्कर न्यूज | अमृतसर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में श्री अकाल तख्त साहिब से भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छत्रछाया और पांच प्यारों की अगुवाई में शुरू हुए इस नगर कीर्तन के दौरान सचखंड श्री हरमंदर साहिब के ग्रंथी ज्ञानी परविंदरपाल सिंह ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन स्वरूप को पालकी साहिब में सुशोभित किया। नगर कीर्तन में भारी संख्या में स्कूली बच्चों और गतका पार्टियों ने हिस्सा लिया। गतका दलों ने अपनी कला के ऐसे जौहर दिखाए कि श्रद्धालु दांतों तले उंगली दबाने पर मजबूर हो गए। वहीं, रागी जत्थों ने गुरु साहिब की महिमा में गुरबाणी का गुणगान कर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस अवसर पर सिंह साहिब ज्ञानी परविंदरपाल सिंह ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन धार्मिक इतिहास में बेमिसाल और प्रेरणादायक है। उन्होंने संगत से खंडे-बाटे का अमृतपान कर गुरु वाले बनने और गुरबाणी व सेवा से जुड़ने की अपील की। श्री अकाल तख्त साहिब से शुरू होकर नगर कीर्तन प्लाजा घंटा घर, बाजार माई सेवां, बाजार काठियां, बाजार पापड़ा, बाजार बांसां वाला, चौक छत्ती खुही, चावल मंडी, दाल मंडी, ढाब वस्ती राम, जोड़ा पीपल, बाजार लुहारां, चौक लछमनसर, चौक बाबा साहिब और चौक परागदास से होता हुआ वापस श्री अकाल तख्त साहिब पर संपन्न हुआ। पूरे मार्ग में संगत ने पालकी साहिब पर पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया। इस दौरान श्री अकाल तख्त साहिब के मुख्य ग्रंथी ज्ञानी मलकीत सिंह, अमरजीत सिंह भलाईपुर, अजायब सिंह, गुरिंदर सिंह मथरेवाल, बलविंदर सिंह खैराबाद, जसविंदर सिंह जस्सी, मनजीत सिंह तलवंडी, नरिंदर सिंह, मलकीत सिंह बेहरवाल, इकबाल सिंह, रणधीर सिंह और अमृतपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *