धौलपुर के दिहौली थाना क्षेत्र के पहाड़ी मरैना गांव के पास मंगलवार रात तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवाया। पुलिस ने बुधवार सुबह पोस्टमॉर्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हेड कॉन्स्टेबल राकेश ने बताया कि बाइक सवार युवक अनिल खान (35) पुत्र सत्तार खान निवासी दिहौली अपने रिश्तेदारी में शामिल होने के लिए पिनाहट उत्तर प्रदेश गया था। जहां से लौटते समय पहाड़ी के पास तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची, जहां से घायल बाइक सवार को अस्पताल लाया गया। पुलिस ने बाइक सवार युवक के परिजनों को सूचना देते हुए घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद पुलिस ने मृतक के शव को रात के समय अस्पताल की मॉर्चुरी में रखवा दिया था। सुबह परिजनों के पहुंचने पर मृतक का पोस्टमॉर्टम कराया गया। हेड कॉन्स्टेबल ने बताया कि पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मौके से फरार आरोपी डंपर ड्राइवर की तलाश कर रही है।


