गैस लाइन बिछाने में ठेकेदार ने पानी की लाइन तोड़ी, ईश्वरपुरी, करोल बाग में चार दिन से पानी का संकट

भास्कर न्यूज | जालंधर सिटी में दो विभागों के बीच तालमेल की कमी का खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। 66 फुटी रोड पर गैस पाइपलाइन बिछाने के दौरान पेयजल लाइन और सीवरेज के मेनहोल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसके चलते ईश्वरपुरी और करोल बाग कॉलोनी में पिछले चार दिनों से पानी की गंभीर किल्लत बनी हुई है। घरों में पानी की आपूर्ति ठप होने से लोगों की दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। हालात यह हैं कि लोग मजबूरी में दूसरी कॉलोनियों से पानी लाकर अपनी जरूरतें पूरी कर रहे हैं। निगम ने संबंधित एजेंसी को काम बंद करने का नोटिस जारी किया था, लेकिन इसके बावजूद एजेंसी ने खुदाई का कार्य बंद नहीं किया। उल्लेखनीय है कि शहर में यही एजेंसी गैस पाइपलाइन बिछाने का काम कर रही है। हाल ही में न्यू गौतम नगर में भी इसी एजेंसी ने सीवर लाइन को नुकसान पहुंचाया था, जिस पर निगम ने काम रोकने का नोटिस जारी किया था। अब एक बार फिर 66 फुटी रोड पर खुदाई के दौरान पेयजल लाइन और सीवरेज मेनहोल को क्षतिग्रस्त कर दिया गया, जिससे ईश्वरपुरी और करोल बाग क्षेत्र में चार दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे तक मुख्य सड़क पर बेरिकेट्स लगे रहे और गड्ढों के चारों ओर मिट्टी फैली हुई थी। इससे राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। परेशान नागरिक निगम कार्यालय में लगातार शिकायतें दर्ज करा रहे हैं। शिकायतों के बाद निगम ने पेयजल लाइन की मरम्मत का काम शुरू कर दिया है, हालांकि अब तक कार्य पूरा नहीं हो सका है। 66 फुटी रोड पर गैस लाइन बिछाने में क्षतिग्रस्त हुई पानी की लाइन

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *