भास्कर न्यूज| राजनांदगांव तहसील कार्यालय परिसर में माध्यमिक शिक्षा मंडल के नए भवन का निर्माण विवादों में नजर आ रहा है। पीडब्लूडी ने इसका टेंडर जारी किया और निर्माण शुरू करवा दिया। एक करोड़ 63 लाख की लागत वाले इस भवन का निर्माण आधा हो चुका है। अजीब बात यह है कि अब तक इसका आवंटन पीडब्लूडी को मिला ही नहीं है। अब ठेकेदार इसके भुगतान के लिए दफ्तरों के चक्कर काट रहा है। विभाग की तरफ से कागजी खानापूर्ति की जा रही है। नए भवन निर्माण के लिए 28 सितंबर 2024 को भूमिपूजन मुख्यमंत्री के द्वारा किया गया। इसकी प्रशासकीय स्वीकृति माध्यमिक शिक्षा मंडल रायपुर द्वारा पीडब्लूडी को दी गई। जिला प्रशासन के निर्देश पर पीडब्लूडी ने निविदा बुलाई। 6 नवंबर 2024 को यह काम दिया गया। निविदा शर्तों के अनुसार निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा किया जाना निर्धारित है। ठेकेदार द्वारा जब काम आधा किया गया तो प्रथम व द्वितीय देयक का बिल लगाया गया। तब पता चला कि भुगतान के लिए राशि का आवंटन मंडल के द्वारा जारी ही नहीं किया गया है। जुलाई 2025 की स्थिति में अनुबंधित कार्य का 50 फीसदी से अधिक काम पूरा किया जा चुका है। इस स्थिति को देखते हुए ठेकेदार ने भी काम बंद कर दिया। फिलहाल काम अधर में अटका हुआ है। काम शुरू कराया जाएगा ^इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा मंडल से पत्र व्यवहार किया गया है। आवंटन नहीं आने की दशा में हम ठेकेदार को भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। इस संबंध में जल्द की कार्यवाही कराकर काम शुरू कराया जाएगा। -एसके चौरसिया, ईई पीडब्लूडी


