सरायकेला शनिवार सुबह दो दिनों से लापता एक नाबालिग का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घटना कपाली के ताजनगर स्थित बंधुगोड़ा प्राथमिक विद्यालय के पास की है। मृतक की पहचान असरफी कॉलोनी, रोड नंबर-3 निवासी 14 वर्षीय मो. शाबीर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया होगा: थाना प्रभारी पुलिस की प्रारंभिक जांच में मामला ऊंचाई से गिरकर मौत का प्रतीत हो रहा है। थाना प्रभारी धीरंजन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई है, जिसमें नाबालिग चहारदीवारी फांदने का प्रयास करते हुए दिखाई दे रहा है। आशंका जताई जा रही है कि इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह भी बताया कि मृतक के पेट में शीशा लगा हुआ पाया गया है। इस तथ्य को भी जांच के दायरे में रखा गया है। हालांकि, मृतक के परिजन पुलिस के इस दावे से सहमत नहीं हैं। शब्बीर के पिता मो. समीर ने बेटे की हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पड़ोस का एक लड़का साबिर को ले गया था: पिता उन्होंने बताया कि शब्बीर पिछले दो दिनों से लापता था और 25 दिसंबर को उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना में दर्ज कराई गई थी। मो. समीर ने आरोप लगाया कि पड़ोस का एक लड़का साबिर को अपने साथ लेकर गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चला। पुलिस अब सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।


