रांची की सड़कों पर जाम से जूझ रहे लोगों के लिए राहत की बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने 961 करोड़ रुपए की तीन मेगा परियोजनाओं को हरी झंडी दे दी है। इसके तहत दो फ्लाईओवर और एक नई सड़क का निर्माण किया जाएगा। पहला फ्लाईओवर अरगोड़ा चौक से हरमू-अशोक नगर तक बनेगा। दूसरे फ्लाईओवर का निर्माण करमटोली से साइंस सिटी तक होगा। वहीं, चिरौंदी के आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल से बरियातू फायरिंग रेंज तक नई सड़क बनेगी। मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद पथ निर्माण विभाग ने प्रशासनिक स्वीकृति की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रस्ताव को राज्य योजना प्राधिकृत समिति की मंजूरी मिलने के बाद कैबिनेट में लाया जाएगा। इसके तुरंत बाद निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरते ही रांची की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव दिखेगा। अरगोड़ा, करमटोली, मोरहाबादी, बरियातू और हरमू जैसे सबसे अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में जाम से राहत मिलेगी। शहर के भीतर आवाजाही सुगम होगी और बाहरी जिलों से आने-जाने वाले वाहनों को भी सहूलियत मिलेगी। इस योजना में 362 करोड़ भूमि अधिग्रहण और 89 करोड़ भवन पुनर्वास पर खर्च होंगे। प्रस्ताव को राज्य योजना प्राधिकृत समिति की मंजूरी के बाद कैबिनेट से स्वीकृति मिलेगी, जिसके बाद निर्माण कार्य जल्द शुरू होने की संभावना है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद जल्द शुरू होगा काम 1. करमटोली से साइंस सिटी फ्लाईओवर, खर्च: 351 करोड़ कहां से कहां तक: करमटोली से मोरहाबादी होते हुए साइंस सिटी (चिरौंदी) तक 2.7 किमी फ्लाईओवर बनेगा।.5 किमी सर्विस लेन भी बनेगी। क्या होगा फायदा: अंतु चौक, दिव्यायन चौक, साइंस सिटी और चिरौंदी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी। रिंग रोड, रिम्स, बरियातू और मोरहाबादी जाने वाले वाहन बिना रुकावट चल सकेंगे। 2. मोरहाबादी से बरियातू फायरिंग रेंज तक नई सड़क बनेगी, लागत: 141 करोड़ रुपए आएगी कहां से कहां तक: यह सड़क करमटोली-बोड़ेया रोड पर स्थित आशीर्वाद बैंक्वेट हॉल से बूटी रोड स्थित फायरिंग रेंज तक बनेगी। क्या होगा फायदा: करमटोली चौक का जाम कम होगा। चिरौंदी से बूटी मोड़ और रिम्स अस्पताल तक पहुंचना आसान होगा। यह सड़क रांची के प्रस्तावित इनर रिंग रोड से भी जुड़ेगी। 3. अरगोड़ा से हरमू-अशोक नगर फ्लाईओवर लागत: 470 करोड़, सिविल वर्क: 187 करोड़, भूमि अधिग्रहण: 109 करोड़, पुनर्वास: 39 करोड़, यूटिलिटी शिफ्टिंग: 85 करोड़ कहां से कहां तक: अरगोड़ा-डिबडीह से हरमू तक 4 लेन एलिवेटेड रोड, अरगोड़ा से अशोक नगर तक 2-लेन एलिवेटेड रोड, अरगोड़ा से चापूटोली तक 2-लेन एलिवेटेड रोड बनेगा। क्या होगा फायदा: अरगोड़ा चौक पर हरमू, कटहल मोड़, डिबडीह और अशोक नगर से आने वाला ट्रैफिक सुचारू होगा।


