रेल मंत्री बिट्टू से मिले श्वेत मलिक, कहा- जल्द पूरा कराया जाए रीगो ब्रिज का काम

भास्कर न्यूज | अमृतसर शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से राहत दिलाने और शहर की यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में रीगो रेलवे ब्रिज का निर्माण जल्द पूरा होने की उम्मीद जगी है। पूर्व सांसद व पूर्व मेयर श्वेत मलिक ने रीगो ब्रिज के निर्माण कार्य को तेज करवाने के लिए भारत सरकार के रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू से मुलाकात की। इस दौरान फिरोजपुर रेलवे डिवीजन के डीआरएम संजीव कुमार ने भरोसा दिलाया कि रीगो ब्रिज का निर्माण अक्टूबर 2026 से पहले पूरा कर लिया जाएगा। श्वेत मलिक ने बताया कि उन्होंने संसद में अमृतसर के भंडारी रेलवे ब्रिज और रीगो रेलवे ब्रिज की जर्जर हालत का मुद्दा उठाते हुए नए निर्माण की मांग रखी थी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वीकार किया। भंडारी ब्रिज का निर्माण पहले ही पूरा हो चुका है, जबकि रीगो ब्रिज का तोहफा नववर्ष 2026 में अमृतसर को मिलने जा रहा है। मलिक ने बताया कि रीगो ब्रिज को चौड़ा कर 4 लेन का बनाया जा रहा है। इसमें अंडरग्राउंड बिजली वायरिंग, आकर्षक लाइटिंग और बरसाती पानी की निकासी की आधुनिक व्यवस्था होगी, जिससे लोगों को ट्रैफिक जाम से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने इसके लिए रेल मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू का आभार जताया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *