भास्कर न्यूज | कवर्धा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजानवागांव की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने ग्राम रेंगाखार खुर्द के बरपेलटोला में सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन किया। इस दौरान पूरे सप्ताह स्वयंसेवकों ने सामाजिक, शैक्षिक, स्वास्थ्य, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल जागरूकता एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से ग्राम समुदाय में जनजागरूकता की अलख जगाई। शिविर का उद्घाटन ग्राम के उपसरपंच कृष्णा पटेल एवं होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. अतुल देव वर्मा की उपस्थिति में किया गया। डॉ. देव वर्मा ने स्वयंसेवकों को होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता एवं सामान्य रोगों के उपचार संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना आज की आवश्यकता है। कार्यक्रम अधिकारी सुजीत गुप्ता ने बताया कि शिविर के बौद्धिक सत्रों में समाजोपयोगी विषयों पर विशेषज्ञों ने मार्गदर्शन दिया। महेश कुमार निर्मलकर, परियोजना समन्वयक चाइल्ड हेल्पलाइन एवं भर्ती धुर्वे, केस वर्कर ने बच्चों के अधिकारों पर जानकारी दी। व्याख्याता हेमधर साहू ने जल संरक्षण एवं कचरा प्रबंधन पर विशेष व्याख्यान दिया। उन्होंने नदी किनारे एवं गोठान प्रांगण में प्रेरक गीतों के माध्यम से स्वच्छता और जल संरक्षण का संदेश दिया। सेवानिवृत्त व्याख्याता पंकज सिंह ठाकुर ने पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए प्रकृति संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया। व्याख्याता नीलम यादव ने शिविर के दौरान स्वयंसेवकों को अनुशासित जीवन शैली एवं मैनेजमेंट कौशल की जानकारी दी। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने जीवन काल प्रबंधन और लक्ष्य निर्धारण के विषय में सीख प्राप्त की। राजेश तिवारी ने डिजिटल इंडिया विषय पर जानकारी देते हुए डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए। रितिका तिवारी एवं आस्था सिंह परिहार ने स्वयंसेवकों को निरंतर परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता प्राप्त करने की प्रेरणा दी। जिला संगठन कबीरधाम एवं बेमेतरा की डॉ. केएस परिहार ने राष्ट्रीय सेवा योजना के उद्देश्य, लक्ष्य, समाज सेवा के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास पर जानकारी दी।


