नामकुम थाना क्षेत्र के कालीनगर शिवमंदिर के समीप साधु के वेश में आए तीन ठगों ने एक महिला को झांसे में लेकर करीब ढाई लाख रुपए के गहने ठग लिए। इस संबंध में पीड़ित नितीश कुमार ने नामकुम थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। नितीश कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी प्रियंका देवी (33) दो दिन पहले दोपहर करीब 12 बजे घर में अकेली थी। इसी दौरान तीन साधु भिक्षा मांगने उनके दरवाजे पर पहुंचे। प्रियंका ने बाहर जाकर उन्हें 20 रुपए दिए। इसके बाद एक साधु घर के आंगन में घुस आया और पानी मांगा। पानी देने पर साधु ने परिवार पर संकट का भय दिखाते हुए मिट्टी मंगवाई और उसे रुद्राक्ष बताकर तिजोरी में रखने को कहा। इसके बाद कथित तंत्र-मंत्र कर प्रियंका को अपने वश में कर लिया। ठगों ने प्रियंका से गले का मंगलसूत्र, जितिया और अलमारी में रखा झुमका उतरवा लिया और फरार हो गए। जाते समय उन्होंने गेट बंद कर बाहर नहीं निकलने की हिदायत दी। अगले दिन अलमारी खोलने पर रुद्राक्ष मिलने से ठगी का खुलासा हुआ। थानेदार मनोज कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि 28 नवंबर को जोरार साईंनगर में भी इसी तरह 15 लाख की ठगी हो चुकी है। सीसीटीवी में कैद हुआ तीन ठग । इन लोगों ने महिला से जेवर की ठगी की।


