झांसी के रिजर्व पुलिस लाइन में बुधवार रात को निलंबित इंस्पेक्टर और प्रतिसार निरीक्षक (आरआई) आपस में भिंड गए। इंस्पेक्टर ने आरोप लगाया कि आरआई ने अभद्रता कर उसके गुप्तांग में लात मारी। इसलिए डायल 112 पर कॉल लगाकर लाइन के अंदर ही पुलिस बुला ली। पुलिस उनको थाने ले गई तो वह जमीन पर बैठ गए और जोर-जोर से रोने लगे। एसपी सिटी ने इंस्पेक्टर के आरोपों को बेवुनियाद बताया। कहा कि इंस्पेक्टर ने ही आरआई के साथ अभद्रता कर मारपीट की है। उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बहरहाल दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। छुट्टी मांगने पर विवाद हुआ, पुलिस बुलाई मैनपुरी के रहने वाले मोहित यादव यूपी पुलिस में इंस्पेक्टर हैं। 2012 में उनको मृतक आश्रित कोटे से सब इंस्पेक्टर की नौकरी मिली थी। अभी उनकी पोस्टिंग झांसी में हैं। निलंबित होने की वजह से वे पुलिस लाइन में कार्यरत हैं। मोहित ने आरोप लगाते हुए कहा कि “मुझे टारगेट करके परेशान किया जा रहा है। मैंने छुट्टी के लिए एक आवेदन दिया था, जो आरआई सुभाष सिंह के पास से होते हुए एसएसपी के पास जाना था। बुधवार शाम को पता चला कि आवेदन आरआई ने आगे नहीं भेजा। वह आवेदन लेकर आरआई के पास गया। वहां दोनों के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि आरआई व अन्य पुलिसकर्मियों ने उसके साथ मारपीट कर गुप्तांग में लात मारी। तब मैंने डायल 112 पर कॉल लगाई और पुलिस को सूचना दी। 112 पुलिस उसे लेकर नवाबाद थाने पहुंची। यहां लिखित शिकायत दी है। मैं पहले भी अपना इस्तीफा दे चुका हूं, लेकिन उसे स्वीकार नहीं किया गया।” आरोप झूठे, इंस्पेक्टर ने आरआई को पीटा पूरे मामले में एसपी सिटी ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि मोहित यादव 3 नवंबर 2021 को ललितपुर से प्रशासनिक आधार पर ट्रांसफर होकर झांसी आए थे। इनको पूर्व में 3 मिसकंडक्ट मिल चुकी हैं। वर्तमान में अनुशासनहीनता और विवेचना में लापरवाही बरतने पर निलंबित हैं और उनके खिलाफ 4 जांचें प्रचलित हैं। बुधवार रात को पुलिस लाइन के गणना कार्यालय में इनके द्वारा आरआई के साथ बदमीजी कर मारपीट की गई। इस संबंध में आरआई द्वारा तहरीर दी जा रही है। इस पर केस दर्ज किया जाएगा। इनके द्वारा जो भी आरोप लगाए जा रहे हैं वो बिल्कुल झूठे और बेवुनियाद हैं। इनके द्वारा लगातार अनुशासनहीनता की जा रही है।


