इंदौर में ट्रैफिक सिग्नल से टकराई ट्रैवल्स बस:बस में सवार थे करीब 35 यात्री…सभी सुरक्षित; विजयनगर पर हुई घटना

इंदौर में बीआरटीएस हटने के बाद ट्रैफिक सिग्नल की स्थिति को लेकर एक निजी ट्रैवल्स बस के चालक से चूक हो गई। बस ट्रैफिक सिग्नल के पोल से जा टकराई, जिससे बस आगे से क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि हादसे में किसी भी यात्री को चोट नहीं आई। यह घटना विजयनगर क्षेत्र में रविवार सुबह करीब 5:30 बजे हुई। उदयपुर से भोपाल जा रही अशोक ट्रैवल्स की एसी स्लीपर बस ट्रैफिक सिग्नल से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैफिक सिग्नल टूटकर गिर गया, जबकि बस को भी नुकसान पहुंचा। बस में करीब 35 यात्री सवार थे और सभी सुरक्षित हैं। पुलिस के मुताबिक अशोक ट्रैवल्स की बस क्रमांक MP 14 ZF 9954 रसोमा चौराहे से विजय नगर की ओर आ रही थी। बस की रफ्तार कम थी। बस चालक प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि सड़क के बीच में सिग्नल होने के कारण उन्हें भ्रम हो गया। बीआरटीएस हटने के बाद अचानक बदले ट्रैफिक पैटर्न के चलते वह स्थिति को समय पर समझ नहीं पाए, जिससे हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलने पर गश्त कर रहे पुलिस जवान मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभाला। इस हादसे में ट्रैफिक सिग्नल और बस दोनों को नुकसान हुआ है। ट्रक की टक्कर से कार का टायर फटा, परिवार बाल-बाल बचा इंदौर के हीरानगर क्षेत्र में शनिवार रात एक ट्रक की टक्कर से कार का टायर फट गया। हादसे में कार चालक और उसका परिवार बाल-बाल बच गया। पुलिस ने वंदना नगर निवासी अशोक शुक्ला की शिकायत पर ट्रक क्रमांक CG 04 NM 7361 के चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। अशोक शुक्ला ने बताया कि वह चंद्रगुप्त चौराहे की ओर से एमआर-10 की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जोरदार धमाके के साथ कार का टायर फट गया और कार डिवाइडर की ओर बढ़ गई, लेकिन बड़ा हादसा होने से बच गया। हादसे के दौरान कार के एयरबैग खुल जाने से किसी को कोई चोट नहीं आई।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *