नए साल के आगमन के साथ ही जिले में अवैध शराब की तस्करी तेज हो गई है। शुक्रवार को जहां आबकारी विभाग ने गड़ा और गोरखपुर इलाके में दबिश देकर करीब साढ़े आठ लाख रुपए की अवैध शराब जब्त की थी, वहीं शनिवार देर रात अधारताल थाना पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बाईपास रोड पर पिकअप वाहन से लाखों रुपए की शराब बरामद की है। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि शनिवार रात सूचना मिली थी कि पनागर की ओर से एक पिकअप वाहन बाईपास के रास्ते जबलपुर शहर की तरफ आ रहा है, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब लदी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने बाईपास पर घेराबंदी कर पिकअप को रोकने की कोशिश की। पुलिस को देखते ही वाहन चालक मौके से फरार हो गया, जबकि पिकअप में बैठे एक युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। प्रारंभिक जांच में पिकअप में लदी शराब की कीमत करीब 7 लाख रुपए आंकी गई है। फिलहाल पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और जबलपुर में किसे सप्लाई की जानी थी। मामले में फरार चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है।


