चित्तौड़गढ़ जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम में हल्का सा बदलाव देखने को मिला है। तापमान में आई गिरावट बहुत ज्यादा नहीं है, लेकिन इसके बावजूद ठंड का असर अब पहले के मुकाबले थोड़ा ज्यादा महसूस होने लगा है। खासकर सुबह और रात के समय ठंड बढ़ने से लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है। शहर और आसपास के इलाकों में ठंडी हवा का असर साफ नजर आ रहा है। हालांकि दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल जाती है, लेकिन जैसे ही शाम ढलती है, सर्दी का अहसास फिर से बढ़ जाता है। मौसम में इस हल्के बदलाव के कारण आमजन अपनी दिनचर्या में भी थोड़ा सतर्क नजर आ रहा है। बीते चौबीस घंटे में मौसम ने फिर बदला मिजाज बीते 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो चित्तौड़गढ़ में अधिकतम और न्यूनतम तापमान दोनों में ही मामूली गिरावट दर्ज की गई है। शनिवार को जिले का अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके मुकाबले शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इस तरह अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.6 डिग्री की गिरावट आई है। भले ही यह गिरावट बहुत ज्यादा न हो, लेकिन सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ता नजर आ रहा है। मौसम विभाग ने जताई संभावना, दो दिनों में गिरेगा न्यूनतम तापमान मौसम विभाग के अनुसार चित्तौड़गढ़ जिले में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। विभाग ने अनुमान जताया है कि आने वाले दो दिनों में न्यूनतम तापमान में और कमी आ सकती है। इससे रात और सुबह के समय ठंड और ज्यादा महसूस हो सकती है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि इस समय तापमान में उतार-चढ़ाव सामान्य प्रक्रिया है। कभी हल्की बढ़ोतरी तो कभी मामूली गिरावट देखने को मिल रही है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है और आसमान साफ रहने की उम्मीद जताई गई है। लगातार बदलते मौसम से आमजन को सतर्क रहने सलाह दी लगातार बदलते मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहने की जरूरत बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि ठंड बढ़ने के कारण सर्दी, खांसी और जुकाम जैसी समस्याएं हो सकती हैं, इसलिए लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। सुबह-शाम गर्म कपड़े पहनने और ठंडी हवा से बचने की सलाह दी जा रही है। वहीं किसान भी मौसम के बदलाव पर नजर बनाए हुए हैं। कुल मिलाकर चित्तौड़गढ़ में ठंड धीरे-धीरे अपना असर दिखा रही है और आने वाले दिनों में सर्दी और बढ़ने की संभावना है।


