पाली और किशनगढ़ आबकारी दल ने मिलकर किशनगढ़ क्षेत्र में करीब 50 लाख रुपए कीमत की (385 कर्टन शराब) अंग्रेजी शराब से भरा एक ट्रक पकड़ा। मामले में टीम ने अवैध परिवहन की जा रही शराब से भरा ट्रक जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पाली जिला आबकारी अधिकारी मनोज बिस्सा ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर शनिवार शाम को टीम के साथ जयपुर की तरफ गए। किशनगढ़ के निकट शाम करीब 8 बजे ट्रक को रूकवाया। पूरा ट्रक प्लास्टिक की थैलियों से भरे बॉक्स से भरा हुआ था। ऐसे में ट्रक को किशनगढ़ आबकारी थाने ले गए जिसे खाली करने में दो से तीन घंटे लग गए। उसके बाद ट्रक में छुपाई गई चंड़ीगढ़ निर्मित शराब के कर्टन नजर आए। जिन्हें जब्त किया और दोनों तस्करों को गिरफ्तार किया। बॉक्स में बीच में छुपाकर रखी थी शराब
आरोपियों ने प्लास्टिक की थैलियों के बॉक्स की आठ-दस लेयर बिछाने के बाद शराब के कर्टन रखे। फिर उसके ऊपर आठ-दस लेयर और प्लास्टिक की थैलियों के बॉक्स रखे। ताकि पकड़े न जा सके। लेकिन मुखबिर की सूचना पर आबकारी पाली और किशनगढ़ ने मिलकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। ट्रक में चंडीगढ़ निर्मित 385 कर्टन अंग्रेजी शराब विभिन्न ब्रांड की मिली। ट्रक और शराब को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर आबकारी विभाग किशनगढ़ को सौंपकर पाली आबकारी टीम वापस पाली आई।


