जालंधर के अग्रवाल अस्पताल में एक बार फिर विवाद सामने आया है। अस्पताल के बाहर हुए इस घटनाक्रम में एक कर्मचारी पर पगड़ीधारी सिक्योरिटी गार्ड के साथ मारपीट करने और उसकी धार्मिक पहचान का अपमान करने के आरोप लगे हैं। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। जानकारी के अनुसार, अस्पताल परिसर के बाहर मौजूद एक कर्मचारी ने ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड के साथ अचानक मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि हमलावर ने न केवल गार्ड को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसकी पगड़ी उतार दी और दाढ़ी भी खींची। पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के सामने हुई, लेकिन कोई भी व्यक्ति बीच-बचाव के लिए आगे नहीं आया। सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई यह पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में आरोपी कर्मचारी खुलेआम गुंडागर्दी करते हुए सिक्योरिटी गार्ड पर हमला करता दिखाई दे रहा है, जिससे मामला और भी गंभीर हो गया है। पुलिस ने जांच शुरू की उधर, अग्रवाल अस्पताल प्रबंधन ने इस मामले से खुद को अलग करते हुए इसे दोनों पक्षों की आपसी रंजिश करार दिया है। हालांकि, इस बयान के बाद भी सवाल उठ रहे हैं कि अस्पताल परिसर में इस तरह की घटना कैसे हो गई। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।


