बीकानेर के श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर की मांग को लेकर लोग सड़कों पर उतर आए हैं। बुधवार को कस्बे के मुख्य मार्गों पर प्रदर्शनकारी हाथ में सरकार विरोधी तख्तियां लिए नजर आए। कांग्रेस नेताओं ने इस आंदोलन की अगुवाई करते हुए बड़ी संख्या में लोगों को एक मंच पर लाने का प्रयास किया है। कांग्रेस नेता हरिराम बाना के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने पहले जनआक्रोश सभा की और इसके बाद रैली निकाली। इस दौरान टायर जला कर विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि जल्द ही ट्रोमा सेंटर का निर्माण शुरू नहीं हुआ तो उग्र आंदोलन होगा। जिला मुख्यालय को भी घेरेंगे। उपखण्ड अधिकारी कार्यालय के बाहर सभा में दानदाता परिवार के तैयार होने के बाद भी स्थानीय राजनीतिक स्वार्थ पूरा करने के लिए निर्माण शुरू नहीं करने पर सवाल खड़े किए। वर्तमान भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत पर जानबूझकर इस निर्माण को अटकाने का आरोप लगाया गया। सभा को देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग ने भी संबोधित किया। सियाग ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ के विधायक विकास विरोधी हैं, हर काम में रोड़े अटकाना ही उनका कार्य बन चुका है। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर, बीदासर-कालू सड़क का निर्माण, आडसर में चिकित्सालय का निर्माण, श्रीडूंगरगढ़ में सफाई टेंडर, श्रीडूंगरगढ़ में सरकारी समर्थन मूल्य पर खरीद सहित अनेक मामलों में विधायक ने काम रोकने का प्रयास किया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य हरिराम बाना ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ विधायक अपने अहंकार में क्षेत्र की जनता के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं, दो सालों में ट्रॉमा की कमी से सैंकड़ों लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। ये मौतें नहीं बल्कि नर-बली हैं, जो श्रीडूंगरगढ़ विधायक के अहंकार ने ले ली। सभा को सिद्ध युवा महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भगवान नाथ सिद्ध, कांग्रेस सेवादल पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष विमल भाटी, पूर्व प्रधान सूरजमल भुंवाल, पूर्व प्रधान भागू राम सहू, पूर्व उपप्रधान केशरा राम गोदारा, रीड़ी सरपंच प्रतिनिधि हेतराम जाखड़, एडवोकेट श्यामसुंदर आर्य ने भी विचार व्यक्त किए।


