महाकुंभ पहुंचे 10 देशों से मेहमान, चंदन लगाकर स्वागत:अमिताभ ने लिखा- महाकुंभ स्नान भव; मॉडल हर्षा को पेशवाई में रथ पर बैठाने से संत नाराज

प्रयागराज महाकुंभ का बुधवार को तीसरा दिन है। रात में 10 देशों से अंतरराष्ट्रीय टीम के 21 सदस्य संगम में डुबकी लगाने के लिए अरैल टेंट सिटी पहुंचे। यहां इनका चंदन लगाकर स्वागत किया गया। वहीं, सीएम योगी ने संभावना जताई कि मौनी अमावस्या के दिन 8 से 10 करोड़ श्रद्धालु आ सकते हैं। इसलिए सभी तैयारियां दुरुस्त रखें। मौनी अमावस्या 29 जनवरी को है। इस बीच पूरे महाकुंभ में हाईटेक सुरक्षा है। किसी को भी बिना अनुमति के ड्रोन उड़ाने की परमिशन नहीं है। यहां लगे एंटी-ड्रोन सिस्टम ने अब तक मेला क्षेत्र में 9 ड्रोन मार गिराए (निष्क्रिय) हैं। अमिताभ बच्चन ने भी महाकुंभ को लेकर एक्स पर एक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने लिखा- महाकुंभ स्नान भव:। जिसके बाद लोगों के तरह-तरह के कमेंट आ रहे हैं। इधर, सपा प्रमुख अखिलेश यादव हरिद्वार में हैं। वहां उन्होंने मकर संक्राति पर पर गंगा स्नान किया। महाकुंभ को लेकर अखिलेश ने कहा- जब मां गंगा बुलाएंगी, तब संगम जाएंगे। वहीं, महिला मॉडल और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर हर्षा रिछारिया को रथ पर बैठाने को लेकर महाकुंभ में कंट्रोवर्सी शुरू हो गई है। शांभवी पीठाधीश्वर स्वामी आनंद स्वरूप महाराज ने कहा- धर्म को प्रदर्शन का हिस्सा बनाना खतरनाक है। हर्षा यहां साध्वी की तरह रह रही हैं। मंगलवार को पेशवाई के दौरान वहां महामंडलेश्वर के रथ पर बैठी नजर आई थीं। महाकुंभ के पहले अमृत (शाही) स्नान में मंगलवार को 3.5 करोड़ श्रद्धालुओं ने संगम में डुबकी लगाई। इस दौरान प्रयागराज एक दिन के लिए विश्व की सबसे अधिक आबादी वाला शहर बन गया था। महाकुंभ के पल-पल की अपडेट्स और वीडियो के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *