भास्कर न्यूज | लातेहार ऑल इंडिया एक्स-सर्विसमैन बैंक एम्पलाई फेडरेशन झारखंड ने आर्मी दिवस पर लातेहार के कारगिल पार्क में बुधवार को कार्यक्रम आयोजित कर देश के शहीद वीर सपूतों को नमन किया। उनके परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। राष्ट्रगान गाकर तिरंगे को सलामी दी। भारतीय सेना के शौर्य को याद करते हुए केक भी काटा। इससे पहले बारी-बारी से शहीद स्मारक पर लोगों ने माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किया। मुख्य अतिथि एलडीएम राजीव कुमार ने कहा कि भारतीय सेना का साहस और समर्पण अद्वितीय है। हर भारतीय को उन पर गर्व है। रिटायर्ड एयर फोर्स ऑफिसर सह यूनियन बैंक अधिकारी प्रेम प्रकाश शुक्ला ने कहा कि 1949 में आज ही के दिन भारत के अंतिम ब्रिटिश कमांडर-इन-चीफ जनरल फ्रांसिस बुचर की जगह पर लेफ्टिनेंट जनरल के एम करियप्पा भारतीय सेना के कमांडर-इन-चीफ बने थे। बाद में करियप्पा को फील्ड मार्शल का दर्जा दिया गया। तब से हर साल 15 जनवरी को ये दिन भारतीय सेना के साहस और बलिदान के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक सह योग शिक्षक बलराम सिंह, पंजाब नेशनल बैंक के मुरारी प्रसाद शर्मा, एसबीआई के अंजनी कुमार ठाकुर व मानव कुमार, बैंक ऑफ बड़ौदा के पुष्पक कुमार व बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अजीत कुमार ने भी विचार व्यक्त किए। कहा कि हर वह कार्य जो देश हित में किया गया है, वह देशभक्ति व देश सेवा का प्रतिक है। मौके पर ग्रामीण बैंक के सोनू कुमार, सेंट्रल बैंक के मुकेश कुमार, यूनियन बैंक की प्रियंका तिर्की, खाटू श्याम गैस एजेंसी के राजेश कुमार, पंकज मिश्रा, रविंद्र प्रजापति समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।


