लुधियाना| नगर निगम की टीमों ने छापेमारी कर 1.27 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए हैं। टीम ने निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की और 41 चालान काटे। नगर निगम (एमसी) की टीमों ने बुधवार को प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग करने वाले उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ अभियान चलाया। एमसी आयुक्त आदित्य डेचलवाल की ओर से इस संबंध में निर्देश जारी किए गए थे। निगम टीमों ने सभी चार क्षेत्रों में एक बड़ा अभियान चलाया और 1.27 क्विंटल प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग जब्त किए। हेल्थ ब्रांच ने उल्लंघनकर्ताओं को 2000 रुपये के 41 चालान जारी किए। चीफ सेनेटरी ऑफिसर अश्वनी सहोता ने कहा कि आने वाले समय में निवासियों/दुकानदारों को प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग का उपयोग नहीं करने के लिए अभियान चलाए जाएंगे। इललीगल स्लॉटरिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने निवासियों से अपील की कि वे सॉलिड वेस्ट प्रबंधन में सुधार लाने और प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और एकल उपयोग वाली प्लास्टिक वस्तुओं के उपयोग को रोकने में नगर निकाय का समर्थन करें। टीम में राजिंदर कल्याण, गुरिंदर सिंह, अमरीक सिंह बाजवा, निशु घई, नवीन कुमार, जगजीत सिंह, अमनदीप सिंह, सतिंदर बावा, गुरविंदर सिंह, सतीश कुमार, नाथी राम, योगेश आदि शामिल थे।


