दतिया जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बुधेडा गांव में शनिवार शाम एक 19 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय युवती घर पर अकेली थी, जबकि उसके परिजन खेत पर गए हुए थे। मृतिका की पहचान शिवानी राजपूत (19), पिता राजेंद्र राजपूत, निवासी बुधेडा के रूप में हुई है। बताया गया है कि शिवानी ने अपने ही घर के आंगन में छत के जाल से रस्सी का फंदा बनाकर यह कदम उठाया। शाम करीब 5 बजे जब परिजन खेत से लौटकर घर पहुंचे तो उन्होंने शिवानी को फांसी पर लटका देखा, जिसके बाद घर में हड़कंप मच गया। परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद रात में शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल युवती द्वारा यह कदम उठाने के पीछे की वजह सामने नहीं आ सकी है।


