गुना जिले की राघौगढ़ पुलिस ने नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ रेप करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के दौसा से पकड़ा है। आरोपी 16 साल की नाबालिग को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। घटना की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि 21 दिसंबर को राघौगढ़ थाना क्षेत्र से 16 वर्षीय एक लड़की लापता हो गई थी। उसकी मां ने 22 दिसंबर को थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की और 23 दिसंबर को ही नाबालिग को बरामद कर लिया। कानूनी प्रक्रिया के बाद उसे परिवार वालों को सौंप दिया गया था। बयानों के बाद बढ़ाई गईं धाराएं बरामद होने के बाद पीड़िता ने अपने बयानों में बताया कि मोहनलाल मीना निवासी जयपुर (राजस्थान) उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था और उसके साथ गलत काम किया। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामले में रेप और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। दौसा से हुई आरोपी की गिरफ्तारी पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए एक टीम गठित कर राजस्थान भेजी। टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश दी और दौसा से आरोपी मोहनलाल (30) पुत्र नारायणलाल मीना, निवासी मीना कॉलोनी, नांगल नागोरिया, जिला जयपुर को गिरफ्तार कर लिया। इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई यह कार्रवाई एसपी अंकित सोनी के निर्देशन, एएसपी मानसिंह ठाकुर के मार्गदर्शन और एसडीओपी राघौगढ़ दीपा डोडवे के नेतृत्व में की गई। राघौगढ़ थाना प्रभारी और परिवीक्षाधीन डीएसपी आनंद कुमार राय और उनकी टीम ने आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।


