अरावली बचाओ पदयात्रा, कांग्रेस ने किया जनजागरण:अवैध खनन और जल संकट के खिलाफ ग्रामीणों को चेताया

हनुमानगढ़ में अरावली पर्वतमाला को बचाने के लिए कांग्रेस का जनजागरण अभियान तेज हो गया है। इसी क्रम में रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर ग्राम पंचायत 30 एसएसडब्ल्यू के चक 26 एसएसडब्ल्यू क्षेत्र में एक पदयात्रा निकाली गई। इसमें शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अवैध खनन, पर्यावरण क्षरण और संभावित जल संकट के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक किया। इस पदयात्रा का नेतृत्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू ने किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मनीष मक्कासर भी इसमें शामिल हुए और कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाया। यह मार्च गांव के मुख्य मार्गों से होकर गुजरा, जहां ग्रामीणों को अरावली के महत्व के बारे में बताया गया। मनीष मक्कासर ने इस दौरान कहा कि अरावली केवल एक पर्वत श्रृंखला नहीं है, बल्कि यह उत्तर भारत के पर्यावरणीय संतुलन और जल संरक्षण की आधारशिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार की नीतियों के कारण अरावली क्षेत्र में खनन माफिया बेलगाम हो गए हैं, जिसका सीधा असर भूजल स्तर पर पड़ रहा है। मक्कासर ने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति रही तो आने वाले वर्षों में गंभीर जल संकट खड़ा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेगी और गांव-गांव जाकर जनता को जागरूक करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान भी किया। ब्लॉक अध्यक्ष संदीप सिंह सिद्धू ने बताया कि पदयात्रा का उद्देश्य केवल विरोध करना नहीं है, बल्कि आम लोगों को यह समझाना है कि अरावली का विनाश उनकी खेती, पीने के पानी और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने जोर दिया कि यदि समय रहते अरावली को नहीं बचाया गया, तो प्राकृतिक आपदाओं का खतरा बढ़ेगा। पदयात्रा के समापन पर सभी कार्यकर्ताओं ने अरावली संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामेश्वर चांवरिया, रणवीर, रेशम सिंह, रोहित स्वामी, यश चिलाना, शाहरुख, ठाकुर राम गोदारा, राजू बराड़, गुरलाल मान, गुरप्रीत मान, पीयूष मोंगा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *