बदलता मौसम लोगों के लिए बना हुआ है परेशानी:सुबह कोहरा छाया, दिन में हल्की राहत, रात में शीत लहर से बढ़ी सर्दी

बाड़मेर में बदलता मौसम लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। कभी तेज ठंड तो कभी बारिश तो कभी शीत लहर दस्तक दे रही है। पिछले 4 दिनों से शीत लहर की वजह से थार में आमजन काफी परेशान है। हालांकि अब दिन का तापमान बढ़ने से हल्की राहत मिली है, लेकिन रात में शीत लहर से जनजीवन प्रभावित है। 15-20 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवा चल रही है। इससे रात को न्यूनतम पारा 9.8 डिग्री पर अटका हुआ है। बुधवार को सुबह कोहरा छाया रहा। इससे विजिबिलिटी कम होने के साथ ही वाहन चालकों को परेशानी हुई। इसके बाद 10 बजे तक मौसम साफ हुआ और धूप खिली। ​धूप खिलने से दिन में शीत लहर से थोड़ी राहत मिली। बुधवार को बाड़मेर का अधिकतम पारा 24.6 और न्यूनतम 9.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में उतार-चढ़ाव के कारण इन दिनों मौसमी बीमारियों के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। जिला अस्पताल ओपीडी में मरीजों की कतार लगी हुई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 2-3 दिन तक सर्दी से राहत मिलने की संभावना कम है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। वहीं 18 जनवरी के बाद तापमान में बढ़ोतरी के साथ ही शीत लहर का असर कम होगा। रात का पारा करीब 13 डिग्री तक पहुंच सकता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *