धनबाद में तेज रफ्तार बाइक ट्रक से टकराई:एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम, बाइक के परखचे उड़े

धनबाद के झरिया सुदामडीह थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। तेज रफ्तार में जा रही एक बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने घायलों को संभालने की कोशिश की, लेकिन एक युवक की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। यह हादसा पाथरडीह सेवन डेज होटल के समीप हुआ, जहां सड़क किनारे ट्रक खड़ा था। एक की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में मृतकों की पहचान एनबीसीसी कॉलोनी निवासी रितेश मोदी और जेलगोड़ा निवासी जीतू पासवान के रूप में हुई है। दोनों युवकों की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है। स्थानीय निवासी अभिषेक पांडे ने बताया कि बाइक काफी तेज रफ्तार में थी और अचानक संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसी। टक्कर के बाद रितेश मोदी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि जीतू पासवान को गंभीर हालत में इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। हालांकि अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे भी मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि दोनों युवक सिंदरी की ओर से आ रहे थे और उसी दौरान यह हादसा हुआ। पुलिस ने जब्त किए वाहन, परिजनों का हाल बेहाल घटना की सूचना मिलते ही सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को ही हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई। अस्पताल पहुंचे परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद एनबीसीसी कॉलोनी और जेलगोड़ा इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों पर नियंत्रण और रात के समय ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *