सिवनी जिले के लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला से दुष्कर्म और उसकी बहन की नाबालिग बेटी से छेड़छाड़ के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम पीपरडाही निवासी अंकित श्रीवास (20) और विजय लांजेवार (21) को पकड़ा है। लखनवाड़ा थाना प्रभारी चंद्र किशोर सिरामे ने बताया कि 26 दिसंबर को पीड़िता अपने अभिभावक के साथ थाने पहुंची थी। उसने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अंकित और विजय ने मिलकर उसके साथ रेप किया और उसकी बहन की नाबालिग बेटी के साथ छेड़छाड़ की। रिपोर्ट के आधार पर, थाना लखनवाड़ा में अपराध क्रमांक 594/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), पॉक्सो एक्ट और एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता के निर्देश पर आरोपियों की तलाश के लिए टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने कई स्थानों पर दबिश दी और रविवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। गिरफ्तार आरोपियों में अंकित श्रीवास (20) और विजय लांजेवार (21) दोनों ग्राम पीपरडाही, थाना लखनवाड़ा, जिला सिवनी के निवासी हैं। इस पूरी कार्रवाई में बरघाट के एसडीओपी ललित गठरे, लखनवाड़ा थाना प्रभारी चंद्र किशोर सिरामे और थाना लखनवाड़ा का स्टाफ शामिल रहा। पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी बरघाट ललित गठरे के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।


