भास्कर न्यूज | पबिया रानीडीह पंचायत के तरणी में आदिवासी नवयुवक क्लब तरणी की ओर से मंगलवार को स्पोर्ट्स डे कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें ग्रामीण क्षेत्र के युवक-युवतियों और बच्चों ने भाग लिया। प्रतियोगिताओं में सुई-धागा, बोतल में पानी भरना, बेलून फोड़ना, म्यूजिकल बॉल आदि शामिल थे, जो देर रात तक जारी रहे। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि के रूप में इमरान अंसारी और अजहरुद्दीन अंसारी भी शामिल हुए। दोनों ने मंत्री का संदेश प्रतिभागियों तक पहुंचाया और उन्हें खेल के प्रति प्रोत्साहित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभाओं को निखारने के लिए इस प्रकार के आयोजन की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के प्रतियोगिताओं से बच्चे अपनी छुपी हुई प्रतिभा का प्रदर्शन कर पाते हैं और उन्हें अपने आत्म-विश्वास को बढ़ाने का अवसर मिलता है। सभी प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान मुखिया प्रतिनिधि रविंद्र मरांडी, जोसेफ मुर्मू, आयोजक समिति के अध्यक्ष श्रीकांत टुडू, सचिव अरविंद टुडू, कोषाध्यक्ष संदीप टुडू सहित अन्य लोग उपस्थित थे।


