उज्जैन जिला विकास एवं समन्वय तथा निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में उज्जैन-आलोट सांसद अनिल फिरोजिया ने श्री महाकालेश्वर मंदिर के गर्भगृह में आम श्रद्धालुओं के प्रवेश पर लगी रोक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से प्रतिदिन कम से कम दो घंटे के लिए श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश देने की व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया। शनिवार को हुई सांसद फिरोजिया ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए। महाकाल गर्भगृह प्रवेश के मुद्दे पर सांसद फिरोजिया ने कहा कि उनकी 85 वर्षीय मां पैरों से चलने में असमर्थ होने के बावजूद दर्शन के लिए आती हैं, लेकिन गर्भगृह में प्रवेश न मिलने से उन्हें निराशा होती है। उन्होंने बताया कि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु भी वर्तमान व्यवस्था से असंतुष्ट हैं। सांसद ने कलेक्टर को इस व्यवस्था में बदलाव के निर्देश दिए। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रतिदिन कम से कम दो घंटे के लिए आम श्रद्धालुओं को गर्भगृह में प्रवेश दिया जाए। इसके लिए स्लॉट बुकिंग या कोई अन्य वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जा सकती है।


