करैरा SBI में केवाईसी चूक से खाते से अवैध निकासी:एक ही नाम की दो महिलाओं के कारण गड़बड़ी, 10 साल पुराने खाते से 30 हजार उड़ाए

शिवपुरी जिले के करैरा में एक बैंक की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। यहां भारतीय स्टेट बैंक की करैरा शाखा पर एक ही नाम की दो महिलाओं के कारण एक खाताधारक के 10 साल पुराने बचत खाते से ₹30,074 की अवैध निकासी का आरोप लगा है। पीड़िता ने इस संबंध में करैरा थाना प्रभारी को लिखित शिकायत दी है। शिकायतकर्ता ममता साहू ने बताया कि उनका बचत खाता वर्ष 2015 में भारतीय स्टेट बैंक की करैरा शाखा में खोला गया था और यह नियमित रूप से संचालित हो रहा था। आरोप है कि बैंक कर्मचारियों ने नाम की समानता के कारण किसी अन्य ममता साहू के नाम से सक्रिय कर दिया। पीड़िता के अनुसार, उनके आधार, पैन और मोबाइल नंबर को खाते से हटाकर दूसरी महिला के दस्तावेज लिंक कर दिए गए। इस प्रक्रिया में पति का नाम, जन्मतिथि और अन्य पहचान संबंधी विवरणों का सही मिलान नहीं किया गया, जो केवाईसी (अपने ग्राहक को जानें) नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। दस्तावेजों में इस बदलाव के बाद खाते से कुल ₹30,074 की राशि निकाल ली गई। ममता साहू का कहना है कि यह पूरी निकासी उनकी जानकारी और सहमति के बिना हुई, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हुआ है। ममता साहू ने अपनी शिकायत में बैंक शाखा के वरिष्ठ अधिकारियों और मैनेजर पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उन्होंने इस मामले में कानूनी कार्रवाई करने और निकाली गई राशि की भरपाई की मांग की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *