विश्व हिंदू परिषद (विहिप) बजरंग दल ने रविवार को शहर में शौर्य संचलन का आयोजन किया गया। यह संचलन दशहरा मैदान से शुरू होकर शहर के कई प्रमुख मार्गों से होता हुआ वापस उसी स्थान पर संपन्न हुआ। शौर्य संचलन दशहरा मैदान से प्रारंभ होकर श्री अनंत बालाजी, गांधी भवन, लायंस पार्क चौराहा, एलआईसी चौराहा, शिवाजी सर्कल, एसपी कार्यालय, सब्जी मंडी, कमल चौक और घंटाघर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से निकला। घोष की धुन पर कदमताल करते हुए कार्यकर्ताओं ने संगठन की एकता और अनुशासन का प्रदर्शन किया। संचलन का उद्देश्य हिंदू युवाओं में साहस का संचार करना और समाज को अपनी संस्कृति के प्रति जागरूक करना था। वक्ता बोले- गुरु तेग बहादुर का बलिदान प्रेरणादायक संचलन से पूर्व आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रीय कवि मुकेश मोलवा ने कार्यकर्ताओं को उद्बोधन दिया। वीर रस की कविताओं के माध्यम से उन्होंने उपस्थित जनसमूह को प्रेरित किया। राष्ट्रीय कवि एवं प्रांत विमर्श प्रमुख मुकेश मोलवा ने गुरु तेग बहादुर के 350वें बलिदान वर्ष के अवसर पर कहा कि उनका बलिदान आज भी राष्ट्र को नई प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने चंद्रगुप्त, स्कंदगुप्त, विक्रमादित्य, बाजीराव, रामप्रसाद बिस्मिल, केशव और माधव जैसे महान नायकों को अपना आदर्श बताते हुए कहा कि पृथ्वीराज चौहान और स्कंदगुप्त का शौर्य आज की युवा पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक है। काशी-मथुरा की पुकार सुन युवा आगे आएंगे उन्होंने आह्वान किया कि जब भी मथुरा में कन्हैया और काशी का पुकार होगी, देश का युवा संकल्प के साथ आगे आएगा। साथ ही, उन्होंने गौ, गंगा, गायत्री और गीता की रक्षा का संकल्प भी दोहराया। मुकेश मोलवा ने बजरंग दल को राष्ट्र की शक्ति और चेतना बताते हुए कहा कि यह संगठन सेवा, सुरक्षा और संस्कार के मूल मंत्र पर अडिग है। ‘धर्मो रक्षति रक्षितः’ के आदर्श को रेखांकित करते हुए उन्होंने बजरंग दल को हिंदू समाज का सुरक्षा कवच बताया। उनके अनुसार, बजरंग दल का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्र और धर्म की रक्षा के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने जोर दिया कि इतिहास के महान नायकों का जीवन हमें अनुशासन और वीरता के साथ समाज की सेवा करने की सीख देता है। इसके साथ ही विश्व हिंदू परिषद के विभाग मंत्री अनुपाल सिंह झाला ने भी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन के लक्ष्यों को बताया। पदाधिकारियों की उपस्थिति दशहरा मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान मंच पर विभाग मंत्री अनुपाल झाला, जिला अध्यक्ष शैलेंद्र गर्ग, जिला मंत्री कैलाश मालवीय और संयोजक दुर्गेश धनगर उपस्थित रहे। जिला मंत्री कैलाश मालवीय ने बताया कि शौर्य संचलन के माध्यम से हिंदू समाज में सुरक्षा का भाव जगाने और युवाओं को शारीरिक और मानसिक रूप से सुदृढ़ बनाने का संदेश दिया गया है।


