करैरा में कांग्रेस स्थापना दिवस पर विवाद:महापुरुषों की तस्वीरें पैरों तले रखने का आरोप

शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा में कांग्रेस स्थापना दिवस समारोह के दौरान एक विवाद सामने आया है। आरोप है कि कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में महापुरुषों की तस्वीरों को पैरों तले रखकर नारेबाजी की। इस घटनाक्रम के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। जानकारी के अनुसार, जिले में ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस का स्थापना दिवस मनाया गया। इसी कड़ी में करैरा कस्बे में हाईवे किनारे स्थित कांग्रेस नेता सतीश खटीक के मैरिज गार्डन में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस आयोजन में पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष डीपी श्रीवास्तव, कांग्रेस नेता अमित वर्मा, अब्दुल कयूम और महेंद्र कुशवाह सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। आरोप है कि कार्यक्रम के दौरान नारेबाजी करते हुए कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव अंबेडकर और सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य महापुरुषों की तस्वीरों को अपने पैरों के नीचे रख लिया। इस कृत्य को महापुरुषों का अपमान बताते हुए लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई है। घटना से संबंधित वीडियो और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रही हैं। इस विवाद पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित अग्रवाल ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के वीडियो और तस्वीरें वायरल हो रही हैं, वे नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष का विरोध कर रहे थे। अग्रवाल के अनुसार, करैरा में कांग्रेस स्थापना दिवस का एक अलग और निर्धारित कार्यक्रम नव नियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष द्वारा आयोजित किया गया था। वायरल हो रहे वीडियो-तस्वीरों वाले आयोजन की उन्हें कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी। फिलहाल, यह मामला सोशल मीडिया पर गरमाया हुआ है और इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *