सीएम बोले- राष्ट्रवादी राह पर चलती है एबीवीपी:रतलाम में कहा- परिषद में भाषण देना सीखा; तीनों प्रांत में यूनिवर्सिटी खोलेंगे

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के प्रांत अधिवेशन का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किया। सीएम ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का युवा नेतृत्व देश के भविष्य से जुड़ी अपेक्षाओं के अनुरूप आगे बढ़ रहा है। शिक्षा के साथ-साथ छात्र जीवन से जुड़े मुद्दों पर परिषद के विचार स्पष्ट हैं और यही कारण है कि यह संगठन युवाओं को राष्ट्रवादी सोच के साथ एक संगठित मंच प्रदान कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा आज मैं मंच पर माइक के सामने खड़ा होकर बोल पा रहा हूं, यह सब विद्यार्थी परिषद की देन है। मुझे इस बात का गर्व है। सीएम ने कार्यक्रम में देरी से पहुंचने पर कार्यकर्ताओं से क्षमा भी मांगी। उन्होंने कहा विद्यार्थी परिषद समय की पाबंदी सिखाती है, लेकिन राज-काज की व्यवस्थाओं में कभी-कभी चूक हो जाती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परिषद के कार्यकर्ता उन्हें क्षमा करेंगे। ना दाएं, ना बाएं… बेधड़क चलती है परिषद
मुख्यमंत्री ने विद्यार्थी परिषद के इतिहास और विचारधारा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिषद की स्थापना वर्ष 1950 में हुई थी और तब से लेकर आज तक इस संगठन ने अपनी स्पष्ट विचारधारा बनाए रखी है।उन्होंने कहा विद्यार्थी परिषद ना दाएं चलती है, ना बाएं… यह सीधी सड़क पर बेधड़क चलती है। परिषद ना सरकार देखती है, ना असरकार, यह सिर्फ राष्ट्रवादी भाव देखती है। विश्व का सबसे बड़ा युवा संगठन है अभाविप
सीएम ने दावा किया कि यदि विश्व में सबसे बड़ा युवा संगठन कोई है, तो वह अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ही है। उन्होंने कहा कि परिषद की कार्यप्रणाली अपने आप में अनुकरणीय है।उन्होंने कहा कि परिषद के किसी भी कार्यक्रम को उठाकर देख लिया जाए, हजारों युवाओं को घंटों तक मंच के सामने अनुशासन में बैठाकर रखना किसी अन्य संगठन के लिए संभव नहीं है। विपक्षी संगठनों पर भी साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने परोक्ष रूप से विपक्षी छात्र संगठनों पर निशाना साधते हुए कहा कि अनुशासन को लेकर परिषद के कार्यकर्ताओं को अक्सर ताने सुनने पड़ते हैं, लेकिन विद्यार्थी परिषद ने अनुशासित युवा शक्ति बनाकर उन सभी सवालों का जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि समाज के अच्छे युवाओं को चुनकर, उनके जीवन को एक स्पष्ट दिशा देने और उनमें देशभक्ति का भाव जगाने का काम यदि कोई संगठन कर रहा है, तो वह विद्यार्थी परिषद है। तीन प्रांतों में तीन यूनिवर्सिटी खोलने की घोषणा
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि अभाविप के तीनों प्रांत—मालवा, विंध्य और महाकौशल—में तीन नई यूनिवर्सिटी खोली जाएंगी। इस घोषणा पर कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने तालियों के साथ स्वागत किया। राष्ट्रीय महामंत्री ने रखी कार्ययोजना
कार्यक्रम में अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सोलंकी ने परिषद की आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने आरजीपीवी (राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय) के माध्यम से विश्वविद्यालय खोलने की योजना पर भी विस्तार से बात रखी। हेलिकॉप्टर नहीं, सड़क मार्ग से रवाना हुए सीएम
मुख्यमंत्री को शाम 5 बजे रवाना होना था, लेकिन कार्यक्रम में देरी के कारण वे हेलिकॉप्टर से नहीं जा सके। इसके चलते शाम करीब 6:40 बजे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सड़क मार्ग से इंदौर के लिए रवाना हुए।यह अधिवेशन छात्र राजनीति, अनुशासन और राष्ट्रवादी विचारधारा को लेकर एक बार फिर विद्यार्थी परिषद की मजबूत उपस्थिति और प्रभाव को दर्शाता नजर आया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *