झाबुआ शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत रामकृष्ण नगर में चोरी की एक वारदात सामने आई है। यहां वरदान अस्पताल के सामने खड़े एक लोडिंग वाहन से चोरों ने ताला तोड़कर हजारों रुपए का माल पार कर दिया। एजेंसी मालिक नितेश कोठारी के अनुसार, घटना 26 दिसंबर 2025 की रात की है। गोदाम के पास वाहन क्रमांक MP-45-ZG-4209 खड़ा हुआ था। चोरों ने पहली बार रात करीब 9:30 बजे वाहन का ताला तोड़ा और नमकीन की पेटियां लेकर फरार हो गए। इसके बाद बदमाशों ने दोबारा रात 11:45 बजे आकर बचा हुआ सामान भी चोरी कर लिया। इस पूरी घटना में लगभग 9,000 रुपए का माल चोरी हुआ है। सीसीटीवी फुटेज में आरोपी अलग-अलग वाहनों का उपयोग करते हुए नजर आ रहे हैं। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारी परेशान इस क्षेत्र में वाहनों से सामान चोरी होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले 20 दिसंबर 2025 को भी एक अन्य वाहन ( MP-45-LA-0175) से करीब 13,000 रुपए का माल चोरी हुआ था। लगातार हो रही इन वारदातों से तंग आकर एजेंसी मालिक पंकज ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस जांच और गश्त की मांग शिकायत मिलने के बाद पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है। क्षेत्र के स्थानीय व्यापारियों ने असुरक्षा का माहौल देखते हुए पुलिस प्रशासन से रात के समय गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी वारदातों पर अंकुश लगाया जा सके।


