उत्तर-पश्चिम रेलवे के जयपुर मंडल पर आधुनिकीकरण कार्य के चलते यात्रियों को दो दिन की असुविधा का सामना करना पड़ेगा। रेलवे प्रशासन ने हिरनोदा-फुलेरा-भांवस स्टेशनों के बीच आटोमैटिक सिग्नल प्रणाली के कार्य के साथ-साथ गहलोता-मंडावरिया और मंडावरिया-किशनगढ़ रेल खंड पर पुल निर्माण का कार्य करने का निर्णय लिया है। इस कार्य के लिए 1 और 2 फरवरी को ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान जयपुर-मारवाड़ जंक्शन (19735) और मारवाड़ जंक्शन-जयपुर (19736) ट्रेनें दोनों दिन रद्द रहेंगी। वहीं चार ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया है। श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस (14701), वाराणसी-साबरमती (19408), पोरबंदर-दिल्ली सराय (20937) और चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस (22452) को परिवर्तित मार्ग से संचालित किया जाएगा। ये सभी ट्रेनें पाली मारवाड़ होते हुए चलेंगी और मार्ग में विभिन्न स्टेशनों पर ठहराव करेंगी। परिवर्तित मार्ग में प्रमुख स्टेशनों जैसे रतनगढ़, सुजानगढ़, लाडनूं, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर और पाली मारवाड़ पर यात्रियों के लिए ठहराव की व्यवस्था की गई है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से सहयोग की अपील की है और कहा है कि यह अस्थायी व्यवस्था रेल सेवाओं के आधुनिकीकरण के लिए आवश्यक है। गाड़ी संख्या 22452, चंडीगढ़-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, जो 2 फरवरी को चंडीगढ़ से प्रस्थान करेगी, परिवर्तित मार्ग से संचालित होगी। यह रेलसेवा रेवाड़ी-लोहारू-सादुलपुर-रतनगढ़-डेगाना-जोधपुर-मारवाड़ जंक्शन होकर चलेगी। परिवर्तित मार्ग में इसका ठहराव लोहारू, सादुलपुर, चूरू, रतनगढ़, लाडनूं, डेगाना, मेड़ता रोड, जोधपुर और पाली मारवाड़ स्टेशनों पर होगा। गाड़ी संख्या 14702, बांद्रा टर्मिनस-श्रीगंगानगर रेलसेवा, जो 1 फरवरी को बांद्रा टर्मिनस से प्रस्थान करेगी, परिवर्तित मार्ग मारवाड़ जंक्शन-जोधपुर-डेगाना-रतनगढ़-चूरू होकर चलेगी। परिवर्तित मार्ग में इसका ठहराव पाली मारवाड़, लूनी, जोधपुर, मेड़ता रोड, डेगाना, डीडवाना, लाडनूं, सुजानगढ़ और रतनगढ़ स्टेशनों पर होगा।


