सिंगरौली में एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसके पति और 8 वर्षीय बेटे की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना बुधवार सुबह करीब 10 बजे तिनगुड़ी पुलिस चौकी क्षेत्र के पुरानी देवसर चटुआ नाला के पास हुआ। हादसे के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने समझाइश दी। तब जाकर नाराज लोग सड़क से हटे। पुलिस के अनुसार, रामबली साहू (45) अपनी पत्नी अंजू साहू (30) और बेटे अशोक (8) के साथ मोटरसाइकिल पर पुरैल स्थित अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान हाईवा (CG15EE4696) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में अंजू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि रामबली और अशोक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हाईवा भी पलट गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने चक्काजाम कर दिया। मृतक के परिजनों ने वाहन मालिक पर साजिश के तहत कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए एसडीओपी देवसर समेत भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस की समझाइश के बाद रात करीब 12 बजे स्थिति सामान्य हुई और चक्काजाम खत्म हुआ।


