देवघर के रिखिया थाना पुलिस ने नया चितकाठ पंचायत के मुखिया अनिल साह को एससी-एसटी एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया है। मुखिया पर दलित पेंटर के साथ मारपीट और जातिसूचक गाली देने का गंभीर आरोप है। घटना 12 जनवरी की है, जब पेंटर गोविंद तुरी पंचायत भवन के सामने मनरेगा हेल्पलाइन नंबर का दीवार लेखन कर रहे थे। क्या है मुखिया पर आरोप आरोप है कि इसी दौरान मुखिया अनिल साह वहां पहुंचे और बिना किसी कारण के गोविंद से उनकी जाति पूछते हुए जातिसूचक गालियां दीं। सरकारी आदेश दिखाने के बावजूद मुखिया ने न केवल काम रुकवा दिया, बल्कि गोविंद का रंग-ब्रश फेंक दिया और उन्हें जमीन पर पटककर लात-घूसों से मारा। पीड़ित गोविंद तुरी के मुताबिक, जब उनके साथी सनोज राय उन्हें बचाने आए, तो मुखिया ने उनके साथ भी मारपीट की। इस घटना के बाद गोविंद तुरी ने रिखिया थाने में मुखिया के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुखिया को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।


