MP दिनभर, 10 बड़ी खबरें:चलती बाइक में ब्लास्ट, युवक के चीथड़े उड़े; स्टूडेंट को नंगा कर पीटा, मंदसौर @2.5 डिग्री सेल्सियस

MP दिनभर में आज दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास… 1. 3.77 लाख किसानों को मिले 810 करोड़ रुपए रतलाम के जावरा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्य स्तरीय सोयाबीन भावांतर योजना कार्यक्रम में सिंगल क्लिक से 3.77 लाख किसानों के खातों में 810 करोड़ रुपए ट्रांसफर किए। शासकीय भगत सिंह महाविद्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वहीं, सीएम के आगमन से पहले कांग्रेस ने काले झंडे दिखाए, जिस पर पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को नजरबंद कर दिया। पढ़ें पूरी खबर 2. चलती बाइक में ब्लास्ट, युवक की मौत
सीहोर जिले में रविवार सुबह चलती बाइक में जोरदार ब्लास्ट हो गया, जिससे युवक के दोनों पैर क्षत-विक्षत हो गए और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। इछावर-आष्टा रोड पर रामनगर गांव के पास हुई। मृतक की पहचान जमली निवासी सुखराम बरेला (30) के रूप में हुई, जो कुओं में ब्लास्टिंग का काम करता था और बाइक से भारी मात्रा में डेटोनेटर लेकर जा रहा था। पढ़ें पूरी खबर 3. युवक को 4 युवकों ने लात-जूतों से मारा जबलपुर के आधारताल क्षेत्र में एक वीडियो सामने आया है, जिसमें 4-5 लोग एक युवक को निर्वस्त्र कर बेरहमी से पीटते दिख रहे हैं। वीडियो Nikki Thakur81 नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया था। कमेंट्स में ‘लाला गैंग आधारताल’ का जिक्र है। प्रोफाइल प्राइवेट है। बायो में धमकी भरी पंक्तियां और तस्वीर में शराब की बोतल व चाकू नजर आ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर 4. हॉकी से हमला किया, छात्रों से पैर पड़वाए
जबलपुर में दबदबा दिखाने के लिए कुछ नाबालिग लड़कों ने स्कूल में साथ पढ़ने वाले दो छात्रों को बेरहमी से पीटा और उनसे पैर पड़वाकर माफी मंगवाई। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। घटना 26 दिसंबर की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब वायरल हुआ। मामले में पीड़ितों के परिजन इंद्राना पुलिस चौकी पहुंचे और तीन नाबालिगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पढ़ें पूरी खबर 5. एमपी में कड़ाके की ठंड…5 जिलों में कोल्ड वेव मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड का असर जारी है। रविवार को मंदसौर सबसे ठंडा रहा। यहां पारा 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, शहडोल के कल्याणपुर में 2.8 जबकि शाजापुर के गिरवर 3.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। कोहरे के कारण मालवा एक्सप्रेस समेत एक दर्जन से अधिक ट्रेनें देरी से चल रही हैं। मौसम विभाग ने 5 जिलों में कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर 6. नवजात का शव बना कुत्ते का निवाला
विदिशा जिले के गंजबासौदा में रविवार दोपहर पाराशरी श्मशान घाट के पास नवजात शिशु का शव कुत्ते के जबड़े में दबा मिला। अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोगों ने कुत्तों को भगाकर शव छुड़ाया और पुलिस को सूचना दी। देहात थाना निरीक्षक मनोज दुबे के अनुसार पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को दोबारा दफन कराया। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। पढ़ें पूरी खबर 7. सागर में अंबेडकर प्रतिमा खंडित, तनाव
सागर जिले के मालथौन विकासखंड के ग्राम मड़ैया माफी में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा खंडित करने का मामला सामने आया है। शनिवार-रविवार की रात असामाजिक तत्वों ने सार्वजनिक स्थल पर लगी प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया। रविवार सुबह घटना सामने आते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पढ़ें पूरी खबर पॉजिटिव खबर
8. इंदौर-उज्जैन के बीच चलेगी वंदे भारत मेट्रो उज्जैन सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत केंद्र सरकार ने इंदौर-उज्जैन के बीच वंदे भारत मेट्रो चलाने की योजना बनाई है। यह ट्रेन मौजूदा रेलवे ट्रैक पर शटल सेवा के रूप में संचालित होगी, जिसके लिए नया ट्रैक नहीं बिछाया जाएगा। वंदे भारत मेट्रो 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। रेलवे इस रूट पर 180 किमी प्रतिघंटा की गति का ट्रायल पहले ही सफलतापूर्वक कर चुका है। पढ़ें पूरी खबर खबर जरा हटके 9. मॉनिटरिंग के लिए अब गायों पर लगेगी चिप
पशुपालन विभाग मध्यप्रदेश में जल्द 50 स्वावलंबी गोशालाएं खोलेगा, जिससे दो साल में सड़कों पर बेसहारा गायें नजर न आएं। इनमें से 20 गोशालाओं के लिए टेंडर प्रक्रिया जारी है। प्रत्येक आधुनिक गोशाला में न्यूनतम 5 हजार गायें रखी जा सकेंगी। राज्य मंत्री लखन पटेल ने विभाग की दो साल की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि गोशालाएं बनाकर समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। पढ़ें पूरी खबर कल का बिग इवेंट 10. भोपाल में 80 साल पुरानी बस्ती हटेगी
भोपाल के मानस भवन के पीछे स्थित 80 साल पुरानी बस्ती से 27 परिवारों को हटाने की कार्रवाई जिला प्रशासन सोमवार सुबह 6 बजे से करेगा। इसके लिए 4 एसडीएम, 4 तहसीलदार, 11 राजस्व निरीक्षक और 72 पटवारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बस्ती वासियों ने जबरन हटाने का आरोप लगाया है, जबकि कांग्रेस ने कार्रवाई के विरोध में आंदोलन की चेतावनी दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *