आगर मालवा में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन को लेकर रविवार शाम वाहन रैली निकाली गई। यह आयोजन आगामी 4 जनवरी को होने वाले मुख्य सम्मेलन के प्रचार-प्रसार और समाज में जनजागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से किया गया। वाहन रैली का शुभारंभ लखुंदर नदी के तट पर स्थित श्री चिंताहरण हनुमान मंदिर से हुआ। यहां से शुरू होकर रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी और अंत में गणेश चौराहे पर पहुंचकर पूरी हुई। रैली के दौरान पूरे नगर में उत्साह का माहौल रहा और संगठन का अनुशासन देखने को मिला। भगवा ध्वज के साथ उमड़ा जनसैलाब शताब्दी वर्ष के इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन अपने वाहनों के साथ शामिल हुए। रैली में सम्मिलित लोग हाथों में भगवा ध्वज लिए हुए चल रहे थे, जिससे पूरा मार्ग भगवामय नजर आया। संघ की आयोजित इस रैली का मुख्य लक्ष्य हिंदू सम्मेलन के प्रति लोगों को जागरूक करना और अधिक से अधिक सहभागिता तय करना है।


