मालगाड़ी से कोयला निकालते समय युवक की मौत:अनूपपुर में हाईटेंशन लाइन से लगा करंट, परिजन ने किया हंगामा

जिले के रामनगर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राजनगर निवासी सूरज खैरवार (30) के रूप में हुई है, जो कोयला निकालने के उद्देश्य से मालगाड़ी पर चढ़ा था। जानकारी के अनुसार, सूरज खैरवार दोपहर करीब 12 बजे कोयला लेने के लिए घर से निकला था। वह हसदेव क्षेत्र की कोयला साइडिंग पर खड़ी मालगाड़ी पर चढ़ा ही था कि ऊपर से गुजर रही रेलवे की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। घटना का पता दोपहर करीब 3 बजे चला जब अन्य लोगों ने मालगाड़ी के ऊपर झुलसा हुआ शव देखा। परिजन का हंगामा और प्रबंधन की सहायता सूचना मिलते ही रामनगर थाना प्रभारी सुमित कौशिक और एसईसीएल हसदेव क्षेत्र के अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव को नीचे उतारने के दौरान मृतक के परिजनों ने मुआवजे और आर्थिक सहायता की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मृतक एक गरीब मजदूर था और परिवार का भरण-पोषण करता था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कॉलरी प्रबंधन ने तत्काल 50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता पीड़ित परिवार को प्रदान की। स्थानीय लोगों के अनुसार, आर्थिक तंगी और कोयला संग्रहण के चक्कर में लोग अक्सर अपनी जान जोखिम में डालकर मालगाड़ियों पर चढ़ते हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *