मछली पकड़कर आ रहे व्यक्ति को पीटा, पैर टूटा:मंदसौर में व्यापारी शिकायत करने थाने पहुंचे; मछली ठेकेदार के गुर्गों पर आरोप

मंदसौर जिले के गांधी सागर डेम से जुड़े मछली ठेकेदार के गुर्गों द्वारा मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। रविवार दोपहर अनवर नामक युवक पर हमला किया गया, जिसमें उसका पैर टूट गया। घटना के बाद मछली व्यापारियों में भारी आक्रोश फैल गया। जानकारी के अनुसार, अनवर संजीत क्षेत्र से लगभग पांच किलो मछली पकड़कर अपनी टू-व्हीलर से लौट रहा था। आरोप है कि मछली ठेकेदार के लोगों ने एक फोर-व्हीलर वाहन से उसकी बाइक को टक्कर मारी, इसके बाद लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। गंभीर रूप से घायल, पैर टूटा
बताया गया है कि हमले में अनवर का पैर टूट गया और वह सड़क किनारे गंभीर हालत में गिर पड़ा। घटना के दौरान आरोपियों ने मारपीट के बाद उसकी टू-व्हीलर भी अपने साथ ले ली और मौके से फरार हो गए। घटना से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। वीडियो में हमलावर हाथों में डंडे लिए नजर आ रहे हैं, जबकि घायल युवक सड़क किनारे पड़ा दिखाई दे रहा है। मारने के बाद मौके पर खड़े युवक थाने पहुंचे मछली व्यापारी, कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में मछली व्यापारी घायल अनवर को लेकर वाईडी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की। मछली व्यापारी शहजाद पटेल ने कहा कि यदि आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो मछली मार्केट में हड़ताल और चक्का जाम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मछली चोरी के मामलों में कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, न कि ठेकेदार के लोग कानून अपने हाथ में लें। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड का आरोप
व्यापारियों का आरोप है कि घटना में शामिल कुछ लोगों के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं, इसके बावजूद वे खुलेआम इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। फिलहाल वाईडी नगर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना को लेकर मछली व्यापारियों में भारी नाराजगी बनी हुई है और क्षेत्र में तनाव का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *