पिपरिया के बांसखेड़ा खेल मैदान पर रविवार को बीसीएल सीजन 4 क्रिकेट के दो रोमांचक फाइनल मैच खेले गए। इन मुकाबलों को देखने के लिए हजारों की संख्या में क्रिकेट प्रेमी पहुंचे, जिससे पूरा मैदान खचाखच भर गया। भीड़ इतनी ज्यादा थी कि कई दर्शकों ने पेड़ों पर चढ़कर मैच का आनंद लिया। पहला फाइनल मुकाबला इंदौर और भोपाल की टीमों के बीच हुआ। इंदौर ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 140 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा। जवाब में उतरी भोपाल की टीम से अनस अली ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए एक ओवर में लगातार छह छक्के जड़े, लेकिन उनके आउट होते ही टीम बिखर गई और इंदौर ने खिताब जीत लिया। विजेता टीम को 2 लाख 22 हजार और उपविजेता को 1 लाख 11 हजार रुपए नकद इनाम दिया गया। आरसीसी बनखेड़ी बनी विधानसभा चैंपियन दूसरा फाइनल मैच विधानसभा स्तर का था, जिसमें आरसीसी बनखेड़ी ने शानदार जीत दर्ज की। इस जीत के साथ आरसीसी बनखेड़ी को 1 लाख रुपए और चमचमाती ट्रॉफी मिली। वहीं, दूसरे स्थान पर रही सानवी बनखेड़ी की टीम को 77 हजार रुपए और रनर-अप ट्रॉफी से संतोष करना पड़ा। बेहतरीन खिलाड़ियों को मिला सम्मान पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने के लिए इंदौर के विशाल मौर्य को ‘उत्कृष्ट खिलाड़ी’ और बनखेड़ी के शादमान को ‘मैन ऑफ द सीरीज’ चुना गया। मैचों के दौरान बेहतरीन कमेंट्री करने वाले बादशाह खान को भी आयोजन समिति ने यादगारी चिन्ह देकर सम्मानित किया। पूर्व विधायक ने की आयोजन की तारीफ कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व विधायक संजय शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने इस व्यवस्थित आयोजन के लिए आयोजक राजा पलिया और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। 7 दिसंबर से शुरू हुई इस प्रतियोगिता का समापन रविवार को भारी जनसमूह और आतिशबाजी के साथ हुआ।


