इस सीजन में पहली बार पंजाब का रात का औसत तापमान 5 डिग्री से नीचे पहुंच गया है। सूबे में रोपड़ और बठिंडा को छोड़, बाकी सभी जिलों में न्यूनतम पारा अब 5 डिग्री से नीचे आ चुका है। ऐसा इस कारण हुआ है क्योंकि पहाड़ों पर वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने जा रहा है। इसके असर से शीतलहर ने गति पकड़ ली है। दिन का तापमान भी फाजिल्का और बठिंडा को छोड़कर बाकी सभी जिलों में 20 डिग्री से नीचे रिकार्ड हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 31 दिसंबर तक लगातार सुबह के समय घना कोहरा रहेगा और शीतलहर भी 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने का अनुमान है। वहीं, मौसम विभाग ने यह भी बताया है कि रविवार को सूबे में ठंडी रात फरीदकोट की थी। यहां न्यूनतम पारा 3.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि दिन सबसे ठंडा अमृतसर का था। यहां दिन में तापमान 14.8 डिग्री दर्ज किया गया। बता दें कि अभी बारिश के आसार नहीं है और नववर्ष की शुरुआत की सुबह भी घने कोहरे से होगी।


