भास्कर न्यूज | कवर्धा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कथावाचक धीरेंद्र शास्त्री को लेकर दिए गए बयान के विरोध में हिंदू सनातन मंच ने शुक्रवार को जिला अस्पताल के पास पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया। मंच के कार्यकर्ताओं ने बयान को धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताते हुए नाराजगी जताई। मंच के सदस्यों ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री द्वारा सार्वजनिक मंच से संत धीरेंद्र शास्त्री की कार्यप्रणाली, आयोजन और गतिविधियों पर की गई टिप्पणी अनुचित है। धार्मिक विषयों को राजनीतिक दृष्टिकोण से देखने और संतों को किसी एजेंडे से जोड़ने जैसी टिप्पणी समाज में वैमनस्य फैलाती है। एक संवैधानिक पद पर रह चुके व्यक्ति से इस प्रकार की भाषा की अपेक्षा नहीं की जाती। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि हिंदू एकता और सनातन संस्कृति की बात करने वाले संत आज कुछ राजनीतिक लोगों की आंखों में खटक रहे हैं। हिंदू समाज अपने धार्मिक विश्वासों और संत परंपरा के सम्मान की रक्षा के लिए संगठित और सजग है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि छत्तीसगढ़ की भूमि संत-महात्माओं की परंपरा से जुड़ी रही है। यहां धार्मिक आस्था का विशेष महत्व है। ऐसे में बिना तथ्यात्मक आधार के किसी धार्मिक व्यक्तित्व पर टिप्पणी करना निंदनीय है। प्रदर्शन के दौरान पोखराज सिंह परिहार, आदित्य झा, रवि सिंह राजपूत, तुलेश्वर शर्मा, नितिन पाठक सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


